संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा के दौरान शाम की पाली में इंटरमीडिएट परीक्षा में एक छात्र को नकल के आरोप में रस्टिकेट कर दिया गया। वहीं एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान एक छात्रा बेहोश हो गई। इससे परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। बाद में छात्रा को होश आया तो उसने परीक्षा दी।
शाम की पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। हजरते फातिमा इंटर कॉलेज साल्हेेपुर में एक परीक्षार्थी अपने हाथ पर प्रश्नों के उत्तर लिखकर लाया था और उसे उत्तर पुस्तिका में उतार रहा था। केंद्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट को कुछ संदेेह हुआ तो उन्होंने कक्ष निरीक्षक के साथ उसकी तलाशी ली।
उसके हाथ पर प्रश्नों के उत्तर लिखे मिले। परीक्षार्थी को तत्काल रस्टिकेट कर दिया गया। इसी तरह से हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज में शाम की पाली में परीक्षा में एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद स्टेटिक मजिस्ट्रेट रजनीश वैद्यनाथ ने सहयोगियों के साथ छात्रा के चेहरे पर पानी के छींटे डलवाए।
कुछ देर बाद छात्रा को होश आया और उसने परीक्षा दी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि छात्रा के परिजनों को बुला लिया गया और उन्हें परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर बिठाया गया। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया। उसे रस्टिकेट कर दिया गया है।