सड़क हादसे में प्राथमिक विद्यालय गोलारगड़ गंज की घायल हुई छात्रा।
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के प्राथमिक विद्यालय गोला रगड़गंज में कक्षा दो में पढ़ने वाली छात्रा बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी खलीलाबाद में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद परिजन उसे लेकर चले गए। हादसे के वक्त छात्रा पानी पीने के लिए सड़क पार कर रही थी।
प्राथमिक विद्यालय गोला रगड़गंज में कक्षा दो की छात्रा ज्योति पुत्री उमेश कुमार निवासी गोला बाजार मंगलवार को भोजनावकाश में करीब 10.45 बजे खाना खाकर पानी पीने के लिए अन्य छात्राओं के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी बीच तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे चपेट में ले लिया। आसपास के लोग ने उसे बगल में स्थित सीएचसी पर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उसे सिर में चोट लगी थी। डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी। सूचना पर छात्रा के परिजन और अध्यापक अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद घरवाले बच्ची को साथ घर लेकर चले गए। विद्यालय के स्टाफ इस मामले में कुछ भी कहने से मना कर दिया। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। हेडमास्टर से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। अगर बच्चे सड़क पार कर पानी पीने जा रहे हैं तो यह गलत है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षकों की लापरवाही उजागर
प्राथमिक विद्यालय गोलारगड़गंज की छात्रा की बाइक की चपेट में आने से विद्यालय के शिक्षकों की लापरवाही उजागर हुई है। आखिर जब विद्यालय में हैंडपंप है तो भोजन के बाद उन्हें परिसर के बाहर क्यों जाने दिया गया है। शिक्षकों ने उन्हें रोका क्यों नहीं। आसपास के लोगों का कहना है कि रोज बच्चे सड़क पार कर बर्तन साफ करते हैं। विद्यालय के कोई भी शिक्षक बच्चों को नहीं रोकता है। वहीं स्कूल में बाउंड्रीवाल न होना भी बच्चों के इधर-उधर जाने का कारण है।