महुली। क्षेत्र के नाथनगर-धनघटा मार्ग शुक्रवार को हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे साइकिल सवार छात्र को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
महली थाना क्षेत्र के ग्राम मुखलिसपुर निवासी मोहम्मद हुसैन (16 वर्षीय) पुत्र मोहम्मद ईशा शुक्रवार की सुबह की पाली में हाईस्कूल की गणित की परीक्षा देने के लिए नाथनगर स्थित धोपखरा परीक्षा केंद्र पर साइकिल से जा रहा था। धनघटा मार्ग पर ग्राम चंद्रौटी स्थित लीलावती हॉस्पिटल के सामने पीछे से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे छात्र सड़क पर गिर गया।
उसके सिर में गंभीर चोटें आ गई। आसपास के लोगों ने उसे निकट के सामुदायिक स्वस्थ केंद्र नाथनगर पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही महुली पुलिस मौके पर पहुंच कर वाहन चालक सहित एक और को हिरासत में ले ले लिया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की सूचना जब परिजनों को हुई तो उनके घर पर कोहराम मचा गया। पिता मोहम्मद ईशा ने बताया कि उसके 4 बेटों में से सबसे होनहार बेटा मोहम्मद हुसैन था। सबसे बड़ा बेटा सलमान गोरखपुर के गीडा में मजदूरी करता है। मोहम्मद कैफ और मोहम्मद सैफ उनके साथ घर के कामों में हाथ बंटाते हैं। घर में वही सबसे छोटा बेटा था।
थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडे ने बताया तहरीर अभी नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।