विकास खंड नाथनगर टूगंपार में आवास की जांच करते सीडीओ।
- फोटो : KHALILABAD
सीडीओ के सवालों का जवाब नहीं दे पाए बच्चे
- टुंगपार गांव और प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण
- गांव में सफाई की व्यवस्था लचर मिली
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सीडीओ बब्बन उपाध्याय ने बुधवार को टुंगपार गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में कराए गए विकास कार्यों को देखा और प्राथमिक स्कूल की स्थिति जानी। स्कूल में सीडीओ ने बच्चों से कुछ सवाल किए जिसका सही उत्तर बच्चे नहीं दे सके।
सीडीओ के निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय भवन जीर्णशीर्ण हाल में मिला और दीवार गंदगी से पटी थी। फर्श टूटा हुआ मिला। विद्यालय में विद्युतीकरण नहीं है। विद्यालय को जाने वाले खडंजे का हाल भी ठीक नहीं था। विद्यालय में 50 छात्र पंजीकृत हुए है। शिक्षा मित्र समेत चार अध्यापक कार्यरत हैं। सीडीओ ने बताया कि ऐसा प्रतीत हुआ कि छात्रों के नामांकन के संबंध प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों के जरिए सार्थक प्रयास नहीं किया गया। जबकि प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस ग्राम पंचायत में कई प्राइवेट स्कूल संचालित हो रहे है। जिसकी वजह से अभिभावक अपने बच्चों को प्राथमिक विद्यालय में नामांकन नहीं करना चाहते है। सीडीओ ने कक्षा पांच के छात्रों से गणित और अंग्रेजी के प्रश्न पूछा। बच्चे उत्तर नहीं दे पाए। सीडीओ ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत जताई। सचिव ने गांव में बनवाए गए शौचालय की स्थिति बताई। गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था लचर मिली। इस दौरान बीडीओ सौरभ पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी अभय कुमार सिंह, प्रधान आदि मौजूद रहे।