रोसयाबाजार। पौली ब्लॉक क्षेत्र में धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली किसान धड़ल्ले जला रहे हैं। खेतों से उठ रहे धुएं के गुबार से वातावरण प्रदूषित हो रहा है लेकिन इस पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार विभागों की सक्रियता जमीन पर दिखाई नहीं दे रही है।
प्रशासन की ओर से पराली न जलाने की अपील और जागरूकता अभियान चलाने के दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर नजर नहीं आ रहा है।
पौली क्षेत्र के परसहर, पौली, मंझरिया, घोरहट, पारा, शिवापार, मडपौना सहित विभिन्न गांवों में किसान खेत खाली करने के लिए पराली में आग लगा रहे हैं। इससे उठने वाला धुआं आसपास के आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि पराली जलाने से जहां वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, वहीं खेतों की मिट्टी के मित्र कीट भी नष्ट हो जा रहे हैं।