स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए बनाई रणनीति
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के बोर्ड की बैठक बुधवार को पालिका सभागार में चेयरमैन की अध्यक्षता में हुई। इसमें स्वच्छ सर्वेक्षण-2019 में अच्छे अंक पाने के लिए रणनीति बनाई गई। सभी ने एकजुट होकर शहर को प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प लिया।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि 2019 के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होने वाला है। इस बार शहर को प्रथम स्थान दिलाना है। इसके लिए पालिका के सफाई कर्मचारी, सभासद व अन्य कर्मचारियों का योगदान जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड के बीच स्वच्छता के लिए प्रतिस्पर्धा कराया जाएगा। अभियान में आम लोगों को भी जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर घरों से निकलने वाला कूड़ा एकत्र कराया जाएगा। साथ ही यह व्यवस्था भी की जाएगी कि गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग कर उसका निस्तारण कराया जाए।
ईओ बीना सिंह ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में खलीलाबाद शहर को अच्छा अंक मिले, यह सुनिश्चित कराना है। इसके लिए जरूरी है कि सफाई कर्मचारियों के साथ ही सभी लोग मिलकर कार्य करें। स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।