-मेंहदावल कस्बे के तुलसीपुर वार्ड में शनिवार रात पुलिस कर्मियों और गाड़ियों पर हुई थी पत्थरबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत के तुलसीपुर वार्ड में पुलिस प्रशासन पर शनिवार रात हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने 10 नामजद और 20 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में मंगलवार को पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पत्थरबाजी पर कार्रवाई की। अब पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, वहीं अज्ञात आरोपियों को चिन्हित कर रही है।
जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल को थाना मेंहदावल पुलिस को सूचना मिली कि रोडवेज के पास तुलसीपुर क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद व मारपीट हो रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक संजय वर्मा व फोर्स मौके पर पहुंचे। जहां थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। पुलिस की तहरीर के अनुसार मौके पर पुलिस प्रशासन ने देखा कुछ लोग आपस में मारपीट कर रहे थे।
पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने व शांति व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा था। तभी वहां मौजूद कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और एकजुट होकर पुलिस टीम के खिलाफ आक्रामक हो उठे। उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम व सरकारी वाहन पर पथराव कर दिया।
पुलिस के अनुसार हमलावरों में परशुराम, धर्मेंद्र, राहुल, जितेंद्र विजय, बेचन, अरविंद निषाद, अनिल निषाद, निवासी तुलसीपुर थाना मेंहदावल तथा शंभू निषाद लालधर निषाद सिकटौर बाबू थाना मेंहदावल, बखिरा थाना क्षेत्र के सईलंगडी निवासी राजन निषाद के नेतृत्व में 15-20 अज्ञात लोग भीड़ में शामिल होकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस पर हमला कर दिए।
उप निरीक्षक संजय वर्मा की तहरीर पर सभी आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने पुलिस पर हमला करने पथराव करने व शांति व्यवस्था भंग करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट पंजीकृत किया है। थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आगे विधिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का अधिकार नहीं है, जो भी व्यक्ति नियम तथा कानून का उल्लंघन करेगा लोक सेवक के कार्य में बाधा डालेगा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई अवश्य की जाएगी।