अब हर रविवार से फिर शुरू होगा मुख्यमंत्री आरोग्य मेला
19 सितंबर को जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित होगा मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन 19 सितंबर से हर रविवार जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर किया जाएगा। इसके लिए शासन ने कोविड नियमों के तहत आयोजन की गाइड लाइन जारी की है। मेले के आयोजन को लेकर अधिकारियों ने रोस्टर तय कर दिया है। यही नहीं यह निर्देश भी दिए गए हैं कि मास्क या गमछा से नाक व मुंह ढंककर आने वालों को ही मेले में प्रवेश दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मेले के प्रभारी तथा एसीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि मेले में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। कोरोना को ध्यान में रखते हुए गेट पर ही सभी की जांच की जाए। भीड़ न होने दें। इसमें कोरोना, बुखार और डेंगू की जांच भी होगी। यही नहीं आयुष्मान कार्ड भी जारी किए जाएंगे। परिवार नियोजन से संबंधित परामर्श भी दिए जाएंगे। आरोग्य स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा निकट के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के कर्मी तैनात किए जाएंगे। चिकित्सकों द्वारा परामर्श के साथ ही मुफ्त जांच व दवा की सुविधा उपलब्ध होगी। गंभीर मरीज मिलने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य इकाई के लिए रेफर भी किया जाएगा, जहां इलाज के साथ ऑपरेशन की मुफ्त सुविधा दी जाएगी। प्रयास किया जाएगा कि मरीज को सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए। विशेष रूप से रैपिड डायग्नोस्टिक किट आधारित जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।