मेंहदावल बाईपास पर सवारी बैठाता ऑटो चालक और खड़ीं गाड़ियां
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के नई तहसील के पास नगर पालिका ने वाहन स्टैंड बनवाया है, लेकिन यहां पर सवारी वाहन खड़े नहीं हो रहे हैं। वे मेंहदावल बाईपास से सवारी भर रहे हैं, जिससे जाम लग रहा है। यातायात पुलिस ने कई बार वाहनों को स्टैंड पर खड़ा कराने का प्रयास किया। इसके बाद भी हालात जस के तस हैं। मेंहदावल बाईपास पर सवारी वाहनों के चलते अक्सर भीड़-भाड़ की स्थिति बनी रहती है। जिससे यातायात व्यवस्था में भी व्यवधान पैदा होता है। इसको देखते हुए नगरपालिका परिषद खलीलाबाद की तरफ से नई तहसील पीडब्लूडी कार्यालय के पास वाहन स्टैंड का निर्माण किया गया। वाहन स्टैंड का कार्य पूरा होने के बाद सवारी वाहनों को वहां खड़ा कराने का कई बार यातायात पुलिस प्रयास कर चुकी है।
इसके वजह से मेंहदावल बाईपास पर अक्सर सवारी वाहनों का जमावड़ा बना रहता है। सवारी वाहन चालक एकदम बाईपास के पास से बेखौफ होकर अपने वाहन में सवारियों को बैठाते और बाहर से लाकर उतारते हैं। उनको कार्रवाई का भी कोई खौफ नहीं रहता है।
इससे आने-जाने वाले अन्य वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। किसी बड़े अथवा मालवाहक वाहन के आने पर छोटे सवारी वाहनों के जमावड़े के वजह से जाम की स्थिति बन जाती है। जिसे खुलवाने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों को भी काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।