संतकबीरनगर। परिषदीय स्कूलों में स्पोर्ट्स क्लब गठन के निर्देश दिए गए हैं। स्पोर्ट्स ग्रांट की व्यवस्था तो स्कूलों में पहले से ही लागू है। अब नवाचार थीम आधारित गतिविधि से विभाग खेलकूद के प्रति बच्चों की अभिरुचि विकसित होगी। इसका फायदा 1142 परिषदीय स्कूलों में नामांकित बच्चों को मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद को नई दिशा देने के लिए नवाचार शुरू हो रहा है। सभी परिषदीय स्कूलों में बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए स्पोर्ट्स क्लब गठन के निर्देश हैं। स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत प्राइमरी को पांच, पूर्व माध्यमिक को 10 व कंपोजिट स्कूलों को 15000 रुपये दिए जाते हैं। इस राशि से स्कूल में खेल-कूद की सामग्री खरीदी जाती है, लेकिन अब क्लब के बच्चे जिस खेल के प्रति अभिरुचि व्यक्त करेंगे स्कूल वही स्पोर्ट्स किट खरीदेगा। बेसिक शिक्षा विभाग में व्यायाम शिक्षक रमेश कुमार ने बताया कि स्पोर्ट्स क्लब के गठन से प्रत्येक स्कूल की जवाबदेही होगी और वह अपने स्कूल के बच्चों की सहभागिता स्कूल स्तर से ही सुनिश्चित करेंगे। खेल सामग्री उपलब्ध होने पर ही विद्यार्थी नियमित रूप से अभ्यास कर सकेंगे और स्कूलों में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें पारंपरिक खेलों के साथ साथ एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम को बढ़ावा मिलेगा। खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबाल और हैंडबॉल इनडोर खेलों में शतरंज व कैरम सिखाया जाएगा।