त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान छिटपुट मारपीट,नोकझोंक के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपंन हुआ। कुल 56.36 फीसदी फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विवाद की वजह से कुछ जगहों पर एक घंटे से लेकर 30 मिनट तक मतदान में रुकावट आई। चुनाव डयूटी में लगे अफसर और पुलिस कर्मी घूमते नजर आए।
दूसरे चरण के चुनाव में सेमरियावां और बघौली क्षेत्रों में पूर्वाहन सात बजे मतदान शुरु हुआ। सेमरियावां क्षेत्र के बसडीला में पुलिस द्वारा की गई लाठी चार्ज की वजह से मतदाता भयभीत हो गए और करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। करमाखान में फर्जी वोट डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ और ईट पत्थर तक चले,जिसकी वजह से 15 मिनट मतदान रुक गया था,पुलिस ने पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। उसरा शहीद और भंगुरा में भी ऐसी ही स्थिति आई,लेकिन बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। निपनिया में मतदाता सूची में नाम होने के बाद लाल निशान लगे होने की वजह से मतदान से वंचित हुए लोगो ने हंगामा खड़ा कर दिया। यहां एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। परसामीर गांव का बूथ छाता में बना था,यहां प्रत्याशियों की संख्या से कम वैलेट पेपर पहुंचने की वजह से भी आधे घंटे तक मतदान रुका था। बाद में अफसर पहुंच गए और वैलेट पेपर उपलब्ध हुआ ,तब जाकर मतदान शुरु हुआ। उमिला में एक बुजुर्ग महिला का मतदान कोई दूसरा करना चाह रहा था,जिसको लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। जिसमें तीन लोग घायल भी हुए,लेकिन पुलिस की नजर से बच कर भाग निकले। करीब 15 मिनट तक मतदान में रूकावट आई। मौके पर डीएम और एसपी भी पहुंच गए थे। एसपी ने विवाद करने वाले लोगों को चिन्हित कर पकड़ने का निर्देश चौकी इंचार्ज को दिया। बघौली क्षेत्र के लेडुआ- महुआ में नकाब हटा कर महिला वोटरों की पहचान के बाद वोटिंग किए जाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में नोकझोंक हुई,पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया तो मामला शांत हुआ। करीब आधे घंटे मतदान रुक गया था। टेमा में भीड़ को एएसपी के साथ रही फोर्स ने खदेडा तो सेमरियावां मे स्वाट के एसआई संतोष तिवारी की टीम ने लाठी भांज कर भीड़ को खदेडा। डीरीडीहा में दो पक्ष आपस में भिड़ गए,वहां पुलिस पहुंची तो मामला शांत हुआ। डीएम डॉक्टर सरोज कुमार ने बताया कि सेमरियावां ब्लॉक में 54.72 प्रतिशत और बघौली क्षेत्र में 58.00 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में कुल 56 . 36 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शांतिपूर्ण मतदान के लिए जनता के प्रति आभार भी जताया और आगे के चुनाव में भी इसी तरह के सहयोग की अपील की।