संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए
प्रदेश सरकार 15 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। इस भर्ती में
बस्ती मंडल को सात सौ शिक्षक मिलेंगे। अगर सब कुछ सही रहा तो 26 अक्टूबर को
आवेदन करने वालें अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग का कार्य शुरू हो जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग शिक्षकों की भर्ती को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी चल रही है। जिसके लिए
प्रदेश सरकार लगातार शिक्षकों की भर्ती कर रही है। शिक्षकों की कमी को
देखते हुए प्रदेश में 15 हजार पदों पर शिक्षकों की भर्ती के लिए निर्देश
दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए पहले ही बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी,
उर्दू बीटीसी करने वाले अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन मंगा लिए गए है। 15
हजार पदों के लिए कुल 45546 आवेदन शासन को मिला है। अभ्यर्थियों की मेरिट
जनपद स्तर पर बनेगी। बस्ती मंडल में सात सौ शिक्षकों की भर्ती होगी। जिसमे
संतकबीरनगर में दो सौ, सिद्घार्थनगर में दो सौ और बस्ती में तीन पद शामिल
है। जिसके लिए 20 अक्टूबर को विज्ञप्ति प्रकाशित की जाएगी और 26 अक्टूबर को
प्रथम चरण की काउंसिलिंग कराई जाएगी। 30 अक्टूबर को अभ्यर्थियों की अनंतिम
सूची तैयार होगी। उसके बाद अगर सीटे बचती है तो छह नवंबर को द्वितीय चरण
की काउंसिलिंग कराई जाएगी। काउंसिलिंग में शिक्षकों के समस्त प्रमाण पत्रों
की जांच की जाएगी। शिक्षकों की भर्ती को लेकर बीएसए कार्यालय ने तैयारी
शुरू कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने आन लाइन आवेदन किया है उनके रिकार्ड चेक
करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। अगर सब कुछ सही रहा तो निर्धारित तिथि पर
शिक्षकों के भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।