पुलिस लाइन में बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक करते एसपी
- फोटो : KHALILABAD
लुटेरों की बनेगी सूची, रखेंगे नजर
एसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश
एंटी लूट सेल का गठन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस लाइंस में शनिवार को नवागत एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बैंक अधिकारियों और थानों और सीओ कार्यालय में तैनात कर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसपी ने पिछले पांच वर्ष के बीच हुए लूट की घटनाओं के पर्दाफाश को लेकर एंटी लूट सेल का गठन किया और लुटेरों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बैंक अधिकारियों से बैंकों की सुरक्षा के बारे में फीड बैक लिया। उन्होंने कहा कि बैंकों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को बेहतर तरीके से लगाने की अपेक्षा की ताकि आने-जाने वाले कैमरे की निगरानी में रह सके। बाद में पुलिस कर्मियों के साथ अपराध समीक्षा करते हुए कहा कि एंटी लूट सेल लुटेरों पर नजर रखेगी और उन्हें पकड़कर जेल भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी अपराध में शामिल रहेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एएसपी संजय कुमार, सीओ अंबरीश भदौरिया, सीओ रामप्रकाश, विनय कुमार पाठक, प्रभारी डीसीआरवी बृजेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे। नवागत एसपी ने शुक्रवार की देर शाम शहर का भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में व्यापारियों से जानकारी हासिल की। उन्होंने व्यापारियों को हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिया।