नियुक्ति पत्र मिले तो खिले अभ्यर्थियों के चेहरे
जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में सदर विधायक, मेंहदावल विधायक और डीएम ने वितरित किया नियुक्ति पत्र
571 अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक के पद पर मिली तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत शनिवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में सदर विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे और मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल ने 571 अभ्यर्थियों में सहायक अध्यापक का नियुक्ति पत्र वितरित किया। नियुक्ति पत्र मिलने पर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे।
सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने सहायक अध्यापक पद पर चयनित अभ्यर्थियों से बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है। बेहतर शिक्षकों की नियुक्ति से छात्र-छात्राओं की शिक्षा में सुधार होगा तथा वर्तमान शिक्षा पद्धति में परिवर्तन आएगा। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाए सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि जो भी शिक्षक नियुक्ति पाए हैं वे विद्यालय पर जाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य करें। उन्हीं के कंधों पर नौनिहालों को संवारने की जिम्मेदारी है। डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता बनाने में आप सभी की सहभागिता बेहद जरूरी है। आप जिस भी विद्यालय पर जाएं, वहां पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। सीडीओ अतुल मिश्र ने कहा कि प्राथमिक स्तर की शिक्षा ही बच्चों को मजबूत बनाती है। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में 69,000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 623 अभ्यर्थी की सूची आई थी। इसमें से 571 को नियुक्ति पत्र दिया गया है। इससे पूर्व प्रोजेक्टर पर लखनऊ से चल रहे मुख्यमंत्री के भाषण को भी सुनाया गया। इस अवसर पर डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी अतुल पांडेय, प्रभारी डॉयट प्राचार्य ज्ञानेंद्र सिंह, चंदन पाठक, बीईओ डॉ नरेंद्र सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव, बीईओ प्रमोद तिवारी, अशोक राय, अनूप त्रिपाठी, बजरंगी लाल विश्वकर्मा, डीसी एमडीएम डीपी चंद, स्टेनो विजय कुमार, केसी सिंह, अरविंद चौधरी, वंदना सिंह, विजय लक्ष्मी त्रिपाठी, ओम प्रकाश यादव, राजेश पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।
सभी शिक्षक बीएसए कार्यालय में लगाएंगे हाजिरी
बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी 571 अभ्यर्थियों को अभी बीएसए कार्यालय में ही तैनाती दी जाएगी। इन सभी विद्यार्थियों को बाद में विद्यालय का अलॉटमेंट होगा। यह अलॉटमेंट बेसिक शिक्षा परिषद से किया जाना है। इन सभी अभ्यर्थियों को बीएसए कार्यालय में आकर रजिस्टर पर हाजिरी लगानी होगी।