अपराधों की रोकथाम में सुस्त थानाध्यक्षों को चेताया
अपराधियों और माफिया के खिलाफ एनएसए, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की कार्रवाई में लाएं तेजी : एसपी
नए अपराधियों को चिह्नित कर टॉप टेन की सूची में शामिल कराएं और हिस्ट्रीशीट खुलवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने मंगलवार की देर शाम पुलिस लाइंस के सभागार कक्ष में थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर अपराधों की समीक्षा की। जिन घटित अपराधों का पर्दाफाश अब तक नहीं हुआ है, उसका शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए। अपराधियों और माफिया के खिलाफ एनएसए, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट आदि कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया। अपराधों की रोकथाम में सुस्त थानाध्यक्षों को चेतावनी दी।
एसपी ने गोतस्करी और कच्ची शराब के धंधे पर पूर्ण रूप से लगाम कसने के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र की बीट प्रणाली चुस्त-दुरुस्त की जाए। बीट आरक्षी अपने बीट क्षेत्र के गणमान्य लोगों से निरंतर संपर्क में रहें व बीट क्षेत्र के असामाजिक तत्वों पर पैनी दृष्टि रखकर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई कराएं। हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती, चोरी, अपहरण के अपराधों पर पूर्णतया अंकुश लगाने की दिशा में सार्थक पहल करें। टॉप 10 में चिह्नित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही टॉप 10 अपराधियों की सूची को निरन्तर अद्यावधिक(अपडेट) करते हुए नए अपराधियों को सूची में सम्मिलित कराएं। आईजीआरएस के लंबित संदर्भों की समीक्षा की। विवेचनाओं के निस्तारण, पुराने मामलों के निस्तारण, जनता द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थनापत्रों के निस्तारण कराएं। चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाएं। कहा कि वांछित अभियुक्त/वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी कराएं। पुरस्कार घोषित अपराधियों के बारे में समीक्षा कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी कराएं। उन्होंने आपराधिक घटना की सूचना पर घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आम जनता से अच्छा व्यवहार, जनप्रतिनिधियों का सम्मान तथा मीडिया के लोगों से अच्छा संबंध रखने का सुझाव दिया। कोरोना महामारी की रोकथाम की दिशा में काम करें। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ अंशुमान मिश्र, सीओ अंबरीष भदौरिया, सीओ रामप्रकाश, कोतवाल मनोज कुमार पांडेय, एसओ विनय पाठक, एसओ रोहित प्रसाद, एसओ धर्मेंद्र सिंह, एसओ मनोज सिंह, एसओ जयवर्द्धन सिंह, जितेंद्र यादव और अनिल दूबे आदि उपस्थित रहे।