पुलिस लाइंस सभागार में की समीक्षा बैठक, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित अर्दली रूम में सर्किल खलीलाबाद के थाना प्रभारियों, उपनिरीक्षकों, विवेचकों एवं हेड मुहर्रिर के कार्यों की समीक्षा की गई।
क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय की उपस्थिति में हुई बैठक में एसपी ने महिला संबंधी लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए अकारण लंबित प्रकरणों पर असंतोष व्यक्त किया और सभी विवेचकों को तय समय सीमा के भीतर विवेचनाओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसपी ने जनशिकायतों की त्वरित सुनवाई, निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने विवेचना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरतने की चेतावनी भी दी।
साथ ही थाना प्रभारियों को अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर समय से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया गया। एसपी ने यक्ष ऐप, ई-समन तथा एस-आईडी प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर कार्यों को पारदर्शी, त्वरित और अधिक प्रभावी ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए।