धर्मसिंहवा थाने का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक ।
- फोटो : KHALILABAD
एसपी ने पुलिसकर्मियों को छवि सुधारने की नसीहत दी
- शिकायतकर्ता के साथ उचित व्यवहार करने का दिया निर्देश
- रविवार की शाम को धर्मसिंहवा थाने का निरीक्षण किया
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मसिंहवा/संतकबीरनगर। एसपी ब्रजेश सिंह ने रविवार की शाम को धर्मसिंहवा थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेख, शस्त्रागार आदि को देखा। इसके साथ ही थाने पर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को भी सुना। एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर जनता के प्रति छवि सुधारने की नसीहत दी।
एसपी ब्रजेश सिंह थाने के अभिलेखों को देखा और शस्त्रागार में रखे शस्त्रों के रख रखाव की जानकारी ली। शस्त्रों में गंदगी देख नाराजगी जताई और उसके साफ-सफाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही भोजनालय, बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ फरियादी भी मौजूद रहे। जिनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद पुलिस कर्मियों के साथ बैठक की। जिसमें पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना और निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि पुलिस कर्मी जनता के प्रति जवाबदेह बने। जनता मेें अपनी छवि सुधारे। उन्होंने एसओ धर्मसिंहवा को थाना स्तर पर शिकायत लेकर आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार करने व महिला संबंधी अपराधों में बिना किसी लापरवाही के तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी के निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।