- मानक के अनुसार लाउडस्पीकर बजाने का निर्देश
संतकबीरनगर। एसपी ने शनिवार की देर शाम शहर के धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। वहां लगे ध्वनि विस्तारक यंत्र की जांच की। एसपी के मुताबिक सभी जगह मानक के अनुसार लगे थे। वहीं, सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की गई। इसके बाद बरदहिया बाजार में व्यापारियों से बातचीत की।
एसपी सत्यजीत गुप्त शनिवार की देर शाम शहर के धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की। उन्होंने निर्धारित मानक के अनुसार ही लाउडस्पीकर का प्रयोग करने का निर्देश दिया। स्थल पर मौजूद लोगों को हिदायत दी कि किसी भी तरह की अफवाह और भ्रामक सूचना न प्रसारित करें। साथ ही किसी भी प्रकार की घटना के संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके बाद बरदहिया बाजार में पैदल गश्त कर व्यापारियों व दुकानदारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी बरदहिया कृष्णमोहन राव समेत अन्य मौजूद रहे।