संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने शनिवार की रात ऑनलाइन बैठक के जरिए समस्त एसओ व अधिकारियों से मिशन शक्ति को लेकर गाेष्ठी की। इस दौरान विवेचनाओं की स्थिति, वारंटियों की गिरफ्तारी आदि की जानकारी ली।
एसपी ने कहाकि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य प्रत्येक महिला को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना है। जिससे वे निर्भीक होकर अपने अधिकारों का लाभ उठा सकें।
इसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, कानूनी सहायता, साइबर सुरक्षा आदि क्षेत्रों में महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए बहुविध प्रयास किए जाए। विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायत भवनों तथा सार्वजनिक स्थलों पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण, जागरूकता रैलियां, चौपाल एवं काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया जाए और महिला हेल्प डेस्क, टोल–फ्री नंबर एवं त्वरित पुलिस सहायता की व्यवस्थाएं सशक्त की जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहाकि समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने थानाक्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थानों, प्रतिष्ठानों, गांवों आदि में लोगों से संपर्क स्थापित कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में सीसीटीवी कैमरा सड़क मार्ग को कवर करते हुए लगवाने की पहल करें। जिससे शरारती तत्वों की पहचान आसानी से की जा सके।