ऑनलाइन गोष्ठी से लिया जायजा, मिली कमियों को समय से पूर्व पूरा करने का निर्देश
संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने बुधवार की रात जनपद के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक की। उन्होंने आगामी त्योहार, अलविदा की नमाज तथा प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक संवर्ग भर्ती परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में तैयारियों का जायजा लेकर मिली कमियों को समय से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि त्योहार व अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराए जाने के लिए सभी अधिकारी सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी तथा नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। 14 व 15 मार्च को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक संवर्ग भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी रखी जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए वांछित व वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर लें। गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्तों की सतत निगरानी रखें तथा गैंगस्टर मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
त्योहार को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त व सतर्कता बनाए रखें। एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिससे सकुशल एवं निर्विवाद रूप से त्योहार को संपन्न कराया जा सके।