सेमरियावां ब्लाक के सिंहोरवा दीगर में समाजवादी पार्टी ने किसान चौपाल का आयोजन किया गया।
- फोटो : KHALILABAD
किसानों की बात नहीं सुन रही सरकार : सपा जिलाध्यक्ष
- सेमरियावां के सिंहोरवा दीगर में सपा ने किसान चौपाल लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। क्षेत्र के सिंहोरवा दीगर में सपा ने किसान चौपाल का आयोजन किया गया। सपाइयों ने किसान विरोधी कानून को वापस लेने की मांग की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खां ने कहा कि देश एवं प्रदेश की भाजपा सरकार अहंकार में डूबी है। सरकार किसानों की बात नहीं सुन रही है।
उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। देश को सिर्फ दो पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखकर किसानों को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। किसान, मजदूर, छात्र समेत हर कोई इस सरकार के तानाशाही रवैये से आहत है। पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ अपने मन की बात करते हैं जनता के मन की बात नहीं सुनते हैं। भाजपा सरकार देश को बेच रही है। सपा जिला उपाध्यक्ष मो. अहमद ने कहा कि किसानों के सम्मान की लड़ाई में सपा पीछे नहीं हटेगी। जिला पंचायत सदस्य इसहाक अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। पूंजीपतियों के फायदे के लिए कृषि कानून बनाया है। चौपाल को विधान सभा खलीलाबाद के अध्यक्ष रमेश चंद, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र यादव, जावेद अहमद, आलोक यादव सोनू आदि ने संबोधित किया। संचालन सपा नेता सैय्यद फिरोज अशरफ ने किया। इस दौरान पारसनाथ यादव, अखलाक अहमद प्रधान, विधान सभा उपाध्यक्ष इफ्तेखार अहमद, ध्रुव यादव, अजहर खान, आदि मौजूद रहे।