संतकबीरनगर। विदेशी फंडिंग मामले में आरोपी ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा खान के साथ उसके बेटे की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। पिता के हर फरेब में बेटा तौसीफ रजा ने भी भरपूर साथ दिया था। अब इस मामले में तौसीफ को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए विवेचना में नाम शामिल किया और विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इससे पहले तौसीफ रजा का नाम इस मामले में नहीं था।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर तौसीफ रजा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में मिले साक्ष्यों के बाद उसे भी विदेशी फंडिंग से जुड़े प्रकरण में आरोपी बनाया गया। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले में न्यायालय में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
विदेशी फंडिंग का यह मामला पहले से ही जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि विदेशी धन के लेनदेन में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया और जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने इन्हीं तथ्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया है।
धोखाधड़ी के मामले में पहले से घिरा है परिवार
ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा खान और बेटा तौसीफ रजा, पत्नी सकलैन व बहू नसरीन जहां पर धोखाधड़ी और जालसाजी की प्राथमिकी भी दर्ज है। धोखाधड़ी और कूटरचना के एक मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दस्तावेजी साक्ष्य और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अंतिम रिपोर्ट (चार्जशीट) कोर्ट में प्रस्तुत की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने का आरोप है। विवेचना के दौरान जब्त किए गए अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों को भी चार्जशीट के साथ न्यायालय में संलग्न किया गया है। अब मामले की सुनवाई न्यायालय में होगी, जहां आरोप तय होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ सकती हैं कानूनी मुश्किलें
कानूनी जानकारों का कहना है कि एक के बाद एक मामलों में चार्जशीट दाखिल होने से आरोपियों की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यदि न्यायालय चार्जशीट का संज्ञान लेता है तो आगे आरोप तय होने और साक्ष्य के आधार पर सुनवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। विदेशी फंडिंग और धोखाधड़ी से जुड़े इन मामलों पर जिले भर की नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आए, उन्हीं के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की गई है। वहीं, मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय के आदेश पर निर्भर करेगा।
मामले में पुलिस की विवेचना पूरी हो चुकी है। आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। विदेशी फंडिग के मामले में मौलाना शमशुल हुदा खान के बेटे तौसीफ रजा की संलिप्तता पाई गई है। इसके वजह से उसका भी नाम विवेचना के दौरान शामिल किया गया है।
- सुशील कुमार सिंह, एएसपी