फैक्ट्री की बांउड्रीवाल तोड़ी, रास्ते पर की खुदाई
- मगहर के पेपर मिल का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। रैना पेपर बोर्ड इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर भूमि पर अवैध रूप से खुदाई किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त मामले को लेकर कंपनी के क्रय प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रैना पेपर बोर्ड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के क्रय प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उनके द्वारा संजय पेपर एंड केमिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड से 14 सितंबर 2006 को भूमि रजिस्ट्री कराई गई थी। उक्त जमीन पर बाउंड्रीवाल कराया गया था। शुक्रवार को कुछ लोग जेसीबी मशीन, कुदाल, गैंता आदि से बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त करते हुए फैक्ट्री के रास्ते की खोदाई कर दी। उस दौरान मना करने पर उक्त लोग मारपीट कर उतारू हो गए। जिसकी सूचना डायल 100 को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल खुदाई को रोकवा देने के बाद मामला शांत हो गया। उन्होंने तहरीर में यह भी लिखा है कि उक्त लोगों के द्वारा रास्ता अवरुद्ध करने से कंपनी का ट्रक, ट्रैक्टर व कर्मचारियों का आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया है। जिसके कारण फैक्ट्री का लाखों रुपये के नुकसान हो रहा है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज मगहर राम मिलन यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मौके पर जाकर कार्य को बंद करा दिया गया है। दोनों पक्ष पक्की पैमाइश के लिए राजी हो गए हैं। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।