संतकबीरनगर। वाहन स्वामियों की परिवहन विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को एआरटीओ कार्यालय पर परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहनों की फिटनेस, परमिट, पंजीकरण समेत अन्य विभागीय कार्यों से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही लंबित वाहन कर और अन्य बकायों के भुगतान की भी व्यवस्था रहेगी।
परिवहन आयुक्त की ओर से 27 अक्तूबर को जारी निर्देश के तहत सभी मंडलीय परिवहन कार्यालयों में मेले का आयोजन किया जाना है। मेले में वाहन स्वामियों को फिटनेस, परमिट और नए वाहनों के पंजीकरण के लिए अलग-अलग काउंटरों पर सुविधा दी जाएगी। फिटनेस समाप्त हो चुके वाहनों के स्वामियों को नोटिस देकर मेले की जानकारी देने और फिटनेस प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह परमिट की अवधि समाप्त होने वाले वाहनों के स्वामियों को भी सूचना देकर नवीनीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। वाहन स्वामी अपने लंबित कर और अन्य बकायों का भुगतान भी कर सकेंगे। पात्र मामलों में विभागीय नियमों के अनुसार छूट का लाभ देते हुए बकाया निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, चालान और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित समस्याओं के समाधान में भी सहायता मिलेगी। मेले में वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) में मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सुविधा भी रहेगी। मोबाइल नंबर गलत दर्ज होने या उपलब्ध नहीं होने से ओटीपी और प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने जैसी प्रक्रियाओं में परेशानी होती है।
एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने बताया कि मेले का प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक वाहन स्वामी पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।