एसओ दुधारा की सरकारी गाड़ी के चपेट में आने.से बाइक सवार घायल हुआ।
- फोटो : KHALILABAD
एसओ की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन व भांजी घायल
बीएमसीटी मार्ग पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बाघनगर। बीएमसीटी मार्ग पर मंगलवार को दुधारा थाना क्षेत्र के पैड़ी चौराहे पर दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे एसओ की तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक और उसकी बहन तथा ढाई साल की बच्ची घायल हो गई। आसपास के लोगों व ग्राम प्रधान जुनैद अहमद के सहयोग से घायलों को सीएचसी सेमरियावां ले जाया गया। चर्चा है कि हादसे के बाद एसओ ने घायलों की मदद तक करने की जहमत नहीं उठाई।
पैड़ी गांव के राजकपूर (24) पुत्र रामरत्न मंगलवार को बहन शिखा (22) व भांजी शुभि (02) को बाइक से लेकर बाघनगर से घर लौट रहे थे। भांजी का इलाज कराकर वापस आ रहे राजकपूर पैड़ी चौराहे पर सेमरियावां की तरफ से आ रहे एसओ दुधारा की तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आ गए। बाइक का अगला हिस्सा एसओ की गाड़ी में फंस गया था। एसओ को वाहन से टक्कर लगने से बाइक सवार राजकपूर, शिखा व शुभि छिटककर दूर जा गिरे जबकि राजकपूर के हाथ व पैर में काफी चोट है। शिखा के हाथ व भांजी शुभि के सिर में चोट लगी है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों ने ग्राम प्रधान जुनैद अहमद की मदद से एक टेंपो से तीनों को सेमरियावां सीएचसी पहुंचाया। वहीं हादसे के बाद एसओ गाड़ी लेकर थाने की तरफ चले गए। एसओ दुधारा प्रदीप सिंह का कहना है कि बाइक सवार तेज गति से आ रहा था, जिसके चलते वह उनकी सरकारी गाड़ी से टकरा गया। घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया।