घायल ज्ञानमती अपने बेटे वीरचन्द के साथ
नाथनगर। महुली-नाथनगर मार्ग पर थाना गेट के निकट उत्तर चौराहे पर बृहस्पतिवार की देर शाम श्रद्धालुओं से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उसमें सवार मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। जहां एक हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
महुली थाना क्षेत्र के बरौली गांव से श्रद्धालुओं का एक जत्था अयोध्या धाम गया हुआ था। परिक्रमा पूरी करने के बाद ऑटो से घर लौट रहे थे। बृहस्पतिवार की देर शाम करीब सात बजे अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर महुली थाना गेट के निकट उत्तर चौराहे पर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना के बाद श्रद्धालुओं की चीख पुकार सुन लोग बचाव के लिए दौड़ पड़े। ऑटो में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। ऑटो में सवार श्रद्धालु पूनम (35) पत्नी रमेश, शीला (45) पत्नी सोहन, ज्ञानमती (28) पत्नी वीरेंद्र, मासूम वीरचन्द्र (18 माह) पुत्र वीरेंद्र, शिव चन्द्र (40) पुत्र राम बहाल व आशा देवी (45) पत्नी मुन्ना लाल घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। इसमें शिव चन्द्र की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। ऑटो चालक समेत दो अन्य लोग मामूली रूप से जख्मी हुए थे। जिन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया।