संतकबीरनगर। धान खरीद अभियान शुरू हुए करीब 19 दिन बीत गए हैं, लेकिन अब भी खरीद में तेजी नहीं आ सकी है। अधिकतर धान खरीद केंद्रों पर सन्नाटा दिख रहा है, जहां खरीद हो रही है वहां भी नमी आदि के कारण परेशानी आ रही है।
हालांकि एजेंसियों का दावा है कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों से धान की खरीद की जा रही है। मंगलवार को कई क्षेत्रों में क्रय केंद्रों की पड़ताल की गई तो लोगों ने खरीद को लेकर अपनी बात कही।
जिले में एक नवंबर से धान खरीद की शुरूआत हुई हैं। इस वर्ष 40 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में कुल 86 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें खाद्य विभाग के 32, पीसीएफ के 47, मंडी समिति के एक और भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र शामिल हैं। जिले में 3253 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इसके सापेक्ष 2068 का सत्यापन हो चुका है।