संतकबीरनगर। सावन मास, कांवड़ यात्रा और विभिन्न धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी संदीप कुमार मीना ने बृहस्पतिवार देर रात जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट की तत्काल जानकारी जुटाकर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में शांति और सौहार्द बना रहे।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते समाप्त करने पर जोर दिया गया।
एसपी ने सीएम डैशबोर्ड पर लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई तथा महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में त्योहार रजिस्टर का अध्ययन कर संवेदनशील स्थानों का चिह्नांकन करने, जनप्रतिनिधियों, पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं और डीजे संचालकों के साथ बैठकें आयोजित कर समन्वय बनाए रखने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
इसके अलावा नए पुलिस मित्रों को जोड़ने, पुराने पुलिस मित्रों को सक्रिय करने, स्थानीय सूचना तंत्र मजबूत करने, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था कराने, जनसुनवाई की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए।
यूपी-112 को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने तथा संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर रात्रि गश्त बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की अपील करते हुए कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में हर हाल में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए।