सीएचसी पर प्रतिदिन 400-500 मरीज इलाज के लिए आते हैं
सेमरियावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। यहां एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (बेहोश करने वाले डॉक्टर) की कमी के चलते महिलाओं के प्रसव ऑपरेशन प्रभावित हो रहे हैं। मजबूरी में मरीजों को जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में इलाज के लिए सेमरियावां ब्लॉक के साथ ही आंशिक रूप से बघौली, बेलहर कला, सांथा और बस्ती जनपद के साऊंघाट, रुधौली ब्लाक के विभिन्न
गांवों के मरीज आते हैं।
सीएचसी सेमरियावां पर पांच लाख से अधिक जनसंख्या इलाज के लिए आश्रित है। प्रतिदिन 400-500 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इनमें अधिकतर महिलाएं होती हैं। इनमें 10 से बीस फीसद महिला मरीजों को डाॅक्टर आपरेशन की सलाह देती हैं।
शनिवार को सेमरियावां गांव की एक महिला प्रसव ऑपरेशन के लिए परेशान रही। बताया जा रहा है कि महिला तीन दिनों से सीएचसी सेमरियावां में परेशान है। महिला चिकित्सक ग्लूकोज चढ़ाकर घर वापस कर दे रही हैं। परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन की जरूरत होने के बावजूद तीन दिन डाॅक्टर मामले को टाल रहे हैं।
एनेस्थीसिया विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण इलाज आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वहीं महिला चिकित्सक डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि सीएचसी पर तैनात एनेस्थीसिया डॉक्टर बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को जिला चिकित्सालय में अटैच रहते हैं। ऐसे में इन दिनों ऑपरेशन कर पाना संभव नहीं होता और मरीजों को रेफर करना पड़ता है।
ग्रामीण क्षेत्र के इस स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी लंबे समय से बनी हुई है। सीएचसी में आने वाले मरीजों को उम्मीद रहती है कि उन्हें ब्लॉक स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल जाएगा, लेकिन विशेषज्ञों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें अतिरिक्त खर्च और परेशानी उठाकर बाहर जाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सीएचसी सेमरियावां में नियमित रूप से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती और ऑपरेशन से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
00000
एनेस्थीसिया डाॅक्टर की सप्ताह में तीन दिन ड्यूटी रहती है। आपरेशन वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। सीएमओ को मामले से अवगत कराया गया है।
-डाॅ. सुरेश चंद्र, अधीक्षक, सीएचसी सेमरियावां