एनएचएम निदेशक ने बुधवार को संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
एनएचएम निदेशक डॉक्टर आलोक कुमार ने बुधवार को संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, आईसीयू, महिला, जनरल वार्ड और दवा वितरण कक्ष आदि को देखा। महिला अस्पताल में कम प्रसव पर नाराजगी जताई और मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही की शिकायत आए दिन शासन स्तर पर प्राप्त होती है। मरीजों की सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। चिकित्सक की लापरवाही से किसी भी मरीज की जान जा सकती है और उसके जिम्मेदार चिकित्सक खुद होंगे। संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में स्थित महिला चिकित्सालय में प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदना नहीं बरती जा रही है। मजबूरन प्रसव पीड़ा महिला को प्राइवेट व अन्य चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सुविधा लेनी पड़ रही है। प्रसव की काफी संख्या इसी ओर इशारा कर रही है।
जेई/एईएस जानलेवा बीमारी है और इसके लिए संयुक्त जिला अस्पताल में आईसीयू वार्ड स्थापित है, लेकिन उसके बाद भी जेई/एईएस के मरीजों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर किया जा रहा है। यह स्थिति ठीक नहीं। इसे सुधारा जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अजीत कुमार श्रीवास्तव, अपर सीएमओ डॉक्टर कपिलमुनि मिश्र सहित अन्य चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।