- विरोध के बाद एसडीएम और सीओ ने व्यापारियों से की बात, बनी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बरदहिया बाजार में पटरी पर दुकानें लगने से जाम लगता है। जिसे देखते हुए तहसील प्रशासन ने पटरी पर दुकान न लगाने का आदेश दिया था। व्यापारियों ने इसका विरोध भी किया। डीएम से मिलकर समस्या के निदान की मांग की थी। इसके बाद डीएम के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम और सीओ बरदहिया बाजार पहुंचे और व्यापारियों से बात की। इसके बाद बीच सड़क से 23 फीट छोड़कर दुकान लगाने पर सहमति बनी।
बरदहिया बाजार में शनिवार और रविवार को साप्ताहिक दुकानें लगती हैं। सड़क के किनारे दुकान लगाने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। जिसे देखते हुए तहसील प्रशासन और नगर पालिका ने पटरी पर दुकान न लगाने की हिदायत व्यापारियों को दी थी। इसके बाद बरदहिया के व्यापारियों ने डीएम से दुकान लगाए जाने की मांग की थी।
डीएम ने शनिवार को एसडीएम सदर शैलेश दुबे, सीओ अजीत सिंह चौहान और नगर पालिका के अधिकारियों को भेजा। मौके पर व्यापारी नेता बनार्जी लाल अग्रहरि भी पहुंच गए। वहां पर व्यापारियों और अधिकारियों के बीच बात चली। इसके बाद निर्णय लिया गया कि शनिवार और रविवार को दो दिन बीच सड़क से 23 फीट छोड़कर दुकानें लगाई जाएंगी। इसके बाद अगले सप्ताह इसका स्थायी हल निकाला जाएंगी, जिसका व्यापारियों ने स्वागत किया।