नंदौर बाजार में सड़क पर खडे़ वाहन।
मेहदावल/नन्दौर।मेंहदावल विकासखंड क्षेत्र का नंदौर बाजार की सूरत पटरी पर दुकान लगाने वालों और सड़क पर वाहन खड़े करने वाले चालकों के कारण बिगड़ रही है। बेतरतीब तरीके से सड़कों पर वाहन खड़े होने के कारण जाम की समस्या बढ़ रही है। इससे बाजार से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मेंहदावल विकासखंड क्षेत्र का ग्राम पंचायत नंदौर बाजार से कुछ ही दूरी पर नारायणपुर पशु बाजार लगती है। वहीं नंदौर बाजार क्षेत्र की फल मंडी के रूप में भी जाना जाता है। मुख्य बाजार होने के कारण सैकड़ों गांवों के लोग इस बाजार में खरीदारी करने के लिए आते हैं। वही सिद्धार्थनगर की यात्रा करने वाले लोगों को इसी बाजार से होकर गुजरना पड़ता है। जबकि नेपाल की यात्रा करने वाले यात्री भी इसी मार्ग से गुजरते हैं।
इस बाजार में सड़क की पटरी पर दुकानदार दुकानें लगा रखे हैं तो वहीं टैक्सी स्टैंड न होने के ट्रैक्सी चालक भी सड़क की दोनों पटरियों पर वाहन खड़ा कर सवारी बिठाते हैं। जिसके कारण आए दिन मुख्य बाजार में जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
स्थानीय निवासी अमित कुमार महेंद्र कुमार, श्रीराम, मुमताज, सचिन कुमार आदि लोगों का कहना है कि सड़क की पटरियों पर इस बाजार में तेजी से अवैध अतिक्रमण बढ़ रहा है।
कई बार टैक्सी चालकों का दुकानदारों तथा राहगीरों से विवाद भी हो चुके हैं। मामला पुलिस प्रशासन तक भी पहुंचा है, लेकिन अवैध अतिक्रमण तथा पटरियों पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध पुलिस-प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है।