संतकबीरनगर। प्रशासन एक तरफ जहां शहर के चोरों तरफ रिंग रोड का निर्माण कराकर शहर में जाम की समस्या को दूर करने की मुहिम में जुटा है। वहीं नगर पालिका प्रशासन की उपेक्षा के चलते प्रशासन की मंशा पर पानी फिर रहा है। स्थिति यह है कि शहर के शुगर मिल से एचआरपीजी कॉलेज तक वेंडिंग जोन बनवाया गया है। इसे बने करीब छह माह से अधिक समय बीत गया, लेकिन अब तक वेडिंग जोन में दुकानें शिफ्ट नहीं हो सकी हैं। ऐसे में शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क की पटरियों पर दुकानें लग रहीं हैं और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शहर की पुरानी सब्जी मंडी, नेहरू चौक, गोलाबाजार, स्टेशन रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क की पटरियों पर दुकानें लगाई जा रही हैं। इसमें कुछ दुकानदारों ने स्थायी रूप से अतिक्रमण कर रखा है। इससे शहर में आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही कई स्थानों पर ठेले वाले शाम होते ही दुकानें लगा ले रहे हैं। इससे आने- जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस समस्या के निदान के लिए प्रशासन ने पहल की और एडीएम और ईओ की मौजूदगी में व्यापारियों के साथ बैठक कर दुकानों को वेडिंग जोन में शिफ्ट करने पर सहमति बनी, लेकिन अब तक दुकानें शिफ्ट नहीं की जा सकी हैं। हालांकि चाय-पान आदि के कुछ दुकानदारों ने खुद से ही दुकानें खोल ली हैं।
शहर निवासी दिलीप कुमार, दीपक, छोटे लाल आदि ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन को पटरियों पर लगने वाली दुकानों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के लिए कदम उठाना चाहिए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके और आवागमन बेहतर हो सके।
0000000000000000
सड़क पर खड़े हो रहे वाहन, बढ़ी परेशानी
शहर में जाम की एक और वजह वाहन पार्किंग का न होना भी है। इसके लिए पुरानी तहसील परिसर में स्मार्ट वाहन पार्किंग का निर्माण कराए जाने की योजना है। इसके लिए शासन से मंजूरी मिलने के साथ ही बजट भी मिल चुका है, लेकिन निर्माण में जमीन का पेच फंसा है। वजह यह है कि जमीन राजस्व विभाग की है और इसका हस्तांतरण होना है। इसके लिए अभी प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में लोग बाहर आने के बाद अपने वाहन सड़क पर कहीं भी खड़ा कर दे रहे हैं। इससे जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं जाम की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है।
00000000000000000000
शहर के शुगर मिल से एचआरपीजी कॉलेज तक वेडिंग जोन का निर्माण कराया गया है। यहां पटरी व ठेले वालों को शिफ्ट कराया जाना है। जल्द ही यहां दुकानों को शिफ्ट कराया जाएगा। स्मार्ट वाहन पार्किंग के निर्माण के लिए जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। इसका भी जल्द ही निर्माण शुरू होगा।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद खलीलाबाद