सेमरियावां। बीएमसीटी के किनारे सेमरियावां ब्लाॅक के बाउंड्री से सटी जमीन पर दुकानदारों ने फिर दुकान लगाकर कब्जा जमा लिया है। इससे लोगों को वाहन पार्किंग करने में परेशानी हो रही है।
मंगलवार को सेमरियावां बीडीओ ने निरीक्षण किया और दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही गंदगी फैलाने पर नाराजगी जताई। बीडीओ ने कहा कि जल्द ही दुकानदार अतिक्रमण न हटाते हैं तो एसडीएम खलीलाबाद व सीओ सदर को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया जाएगा। बीडीओ ने ब्लाॅक परिसर में फैली गंदगी को साफ कराने का निर्देश एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी को दिया। सेमरियावां ब्लाॅक परिसर के सामने बाउंड्री से सटे बीएमसीटी मार्ग के किनारे काफी दिनों से दुकानदार कब्जा जमाए हुए थे। मई 2017 को तत्कालीन डीएम मार्कंडेय शाही ने सेमरियावां ब्लाक के निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण हटाने का निर्देश देकर बीडीओ को साफ-सफाई कराने को कहा था। डीएम के निर्देश पर कई साल पुराना कब्जा एसडीएम खलीलाबाद ने हटवाया था। फिर इंटरलाॅकिंग व बेंच व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। सेमरियावां में किसी दुकान, शो रूम या मार्ट के पास अपना पार्किंग स्थल नहीं है।
इधर ब्लाॅक से सटी जमीन पर धीरे-धीरे फास्ट फूड, गोश्त की दुकान, आम फल का ठेला आदि ने फिर कब्जा जमा लिया है
बीडीओ सेमरियावां कृष्ण कुमार ने बताया कि सेमरियावां ब्लाॅक के सामने बाउंड्री से सटी जमीन पर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर कब्जा जमा लिया है। अगर जल्द ही दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो एसडीएम और सीओ सदर को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया जाएगा। संवाद