संतकबीरनगर। बेलहरकला थानाक्षेत्र के दुर्गजोत चौराहे पर एक मोबाइल की दुकान के संचालक के पेट में कैंची घोंप दी। गंभीरावस्था में उसे सीएचसी मेंहदावल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेलहरकला थानाक्षेत्र के दुर्गजोत चौराहे पर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल के बगल में बेलहरकला थानाक्षेत्र के भटौली गांव के निवासी 25 वर्षीय राकेश विश्वकर्मा की मोबाइल की दुकान है। मंगलवार देर शाम मंझरिया पठाइन गांव के कुछ लड़के मोबाइल से संबंधित कोई कार्य कराने आए। इस दौरान दुकान वाले से उन लोगों का विवाद हो गया। मारपीट के दौरान एक युवक ने दुकान में रखी कैंची राकेश के पेट में घोंप दिया। इसके बाद वहां पर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं विवाद करने वाले युवक भाग गए। खून से लथपथ राकेश विश्वकर्मा को सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।