संतकबीरनगर। जनपद में सोमवार को महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल का आयोजन कर मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा की जानकारी दी। ग्राम चौपाल लगाकर उनके समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के लिए संवाद किया। सभी थानों की एंटीरोमियो टीमों ने बाजार, सार्वजनिक स्थल पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन से बातचीत किया। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से चर्चाकर बचाव की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं व बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट प्रदान किया। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा गया कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठायें।