जनता कर्फ्यू: ठहर गया शहर, सड़कों व गलियों में सन्नाटा
- एंबुलेंस, प्रशासन व पुलिस की गाड़ियों के सायरन बजाती गाड़ियां ही सड़कों पर दिखी
- साप्ताहिक बाजार बरदहिया में एक ही दिन में करोड़ों का कारोबार प्रभावित
- पेट्रोल पंप, चाय-पान की दुकानें भी रही बंद
वीरेंद्र यादव
संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्वान का असर जिले में व्यापक रूप में देखने को मिला। इसके कारण पूरा शहर ठहर गया। लोग घरों में खुद को पूरी तरह से कैद कर लिए। सड़कों व गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। शहर में पेट्रोल पंप, चाय तक की दुकानें भी बंद रही। बीच-बीच में एंबुलेंस, प्रशासन व पुलिस की गाड़ियों के सायरन की आवाज से सन्नाटा टूटा, लेकिन गाड़ियों के गुजरने के बाद फिर सन्नाटा पसर गया।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। इसे देखते हुए सुबह से ही सड़कों व गलियों में सन्नाटा पसर गया। बस, टैक्सी सहित सभी वाहनों के पहिए ठप हो गए। दो पहिया वाहन भी नहीं चले। लोग खुद ही घरों से बाहर नहीं निकले। शहर के बरदहिया बाजार में रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में बंदी के आदेश की वजह से सब ठप रहा। इससे करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। सभी पेट्रोल पंप पूरी तरह से बंद रहे। जनता कर्फ्यू को लेकर प्रमुख चौराहों पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। अस्पतालों में भी इमरजेंसी सेवा को छोड़कर ओपीडी, रुटीन जांच आदि बंद रही। इसके कारण अस्पतालों में भी सन्नाटा पसरा रहा। बाहर रहने वाले जो लोग ट्रेेनों से वापस आए, उन्हें पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाने को मजबूर होना पड़ा। शहर के प्रमुख मंदिर के गेट भी बंद रहे। समय माता मंदिर, दुर्गा मंदिर बरदहिया, लक्ष्मी नारायण मंदिर, हनुमानगढ़ी आदि बंद रहे। इधर डीएम रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे।
000000
ताली व थाली बजाकर किया प्रोत्साहित
संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जनता कर्फ्यू के दौरान शाम पांच बजे लोग अपने-अपने घरों पर ताली व थाली बजाकर कोरोना संक्रमण को रोकने, इलाज में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों, सुरक्षा में लगे कर्मियों व मीडिया के लोग का उत्साहवर्धन किया जो अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा का कार्य कर रहे हैं। यह नजारा शहर से लेकर गांव तक देखने को मिला। लोगों ने कहा कि कोरोना की जंग देश जरूर जीतेगा। खलीलाबाद सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ्यू ऐतिहासिक रहा। इससे यह साबित हो गया है कि पूरा देश कोराना से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर रहा सन्नाटा ।- फोटो : KHALILABAD