मगहर महोत्सव में दुकानों का हुआ आवंटन
- महोत्सव की तैयारियां जोरों पर
- साफ-सफाई की बाग डोर नगर पंचायत ने संभाली
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। मगहर महोत्सव का आयोजन 12 जनवरी से 18 जनवरी तक होने जा रहा है। जहां पर बाहर से दुकानदारों का आना अभी भी लगातार जारी है। मेले में दुकान का आवंटन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। सफाई की बागडोर नगर पंचायत ने संभाल रखी है। सुरक्षा की दृष्टि से मेला परिसर में अस्थायी चौकी बनाई गई है।
मगहर महोत्सव में दुकानदारों को कोई असुविधा न हो इसके लिए जिला प्रशासन, नगर पंचायत कमेटी व महोत्सव समिति के लोग बराबर दुकानदारों के संपर्क में लगे हुए है। मेले में काला जादू, खजले की दुकान, मीना बाजार आदि की दुकानें सजने लगी हैं। परिसर में लगे छोटे बड़े झूले सभी के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सफाई की जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन ने उठा रखी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंच व भव्य पांडाल को देर शाम तक सजाने का कार्य जारी रहा। एडीएम रणविजय सिंह, सीडीओ बब्बन उपाध्याय व मेला सचिव एसडीएम सदर एसपी सिंह सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारी लगातार दिशा निर्देश दे रहे है। जबकि सुरक्षा की जिम्मेदारी एएसपी आसित श्रीवास्तव व सीओ सदर आनंद कुमार पांडेय संभाले हुए हैं।
00000000
कबीरमय होगा मगहर महोत्सव
मगहर। मगहर महोत्सव के आयोजन के अवसर पर कबीर पंथ के अनुयायी व साधू संतों का आना शुरू हो गया है। जिसमें मेरठ, बिहार, राजस्थान, गुजराज, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि के लोग शामिल हैं। महोत्सव के संरक्षक महंत विचारदास ने बताया कि बजट आ चुका है। इस बार लोगों में महोत्सव को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है। इस बार कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सद्गुरु कबीर के अनुरूप होंगे। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। आज जिस दौर में मानव चल रहा है ऐसे में सभी को सद्गुरु कबीर की वाणी को आत्मसात करने की जरूरत है। इस महोत्सव के माध्यम से सद्गुरु कबीर की वाणी दूर-दूर तक लोगों के दिलों तक पहुंचे ऐसा प्रयास किया जा रहा है।
000000000
गैर सरकारी नोडल अधिकारी की कार्यक्रम पर रहेगी पैनी नजर
मगहर। मगहर महोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप देने में सरकारी गैर सरकारी अमला कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। सभी कार्यक्रमों, दुकानों, झूलों, मेले में आने वाले कलाकारों आदि पर पैनी नजर रखी जा रही है। गैर सरकारी नोडल अधिकारी वेदप्रकाश चौबे ने कहा कि डीएम के निर्देशन में मेले को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसकी भव्यता में कोई कसर न रह जाए इसके लिए सबकी सहमती ली जा रही है।