महुली क्षेत्र के टिकुईकोल बाबू गांव से होकर गुजरे हाई वोल्टेज सप्लाई का तार मंगलवार रात टूट कर गिर गया। जिससे कई गांवों की आपूर्ति बंद हो गई है। बुधवार को कर्मचारी जब टूटे जर्जर तार को जोड़ने पहुंचे तो टिकुईकोल बाबू और कोहर गड्डी गांव के लोगों ने उन्हें तार नहीं जोड़ने दिया और दौड़ा लिया। इससे करीब 25 गांव अंधेरे में हैं।
विद्युत उपकेंद्र हरिहरपुर से महुली क्षेत्र के करीब 25 गांवों को विद्युत सप्लाई होती है। मंगलवार रात टिकुईकोल बाबू गांव के पास मेन सप्लाई का विद्युत तार टूटकर गिर गया। जिससे क्षेत्र के महुली बसिया, मानपुर, छितही, सिक्टहा, सिक्टहा, धायपोखर, भगवतीपुर, महुलियहवा, केवटली, अजांव, बेदूखोर, मुडियारी, परमेश्वरपुर सहित दो दर्जनों से ज्यादा गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों के सूचना के बाद बुधवार को जब विद्युत विभाग के कर्मचारी टूटे तार को जोड़ने पहुंचे तो टिकुई कोल बाबू और कोहरगड्डी गांव के ग्रामीणों ने कर्मचारियों को दौड़ा लिया। दोनो गांवों के लोगों के अनुसार वर्षों पूर्व लगाए गए तार काफी जर्जर स्थित में हैं।
जिसके कारण आए दिन तार टूट कर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। जब तक इन जर्जर तारों को बदलकर नया तार नहीं लगाया जाएगा। तब तक विद्युत तार जोड़ने नहीं दिया जाएगा। वहीं विद्युत आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित गांव के ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। वहीं इस संबंध में एक्सईएन विद्युत रामपाल ने कहा कि जल्द की जर्जर तार बदलने का स्टीमेट बनाकर उसे बदलवाया जाएगा।