संतकबीरनगर। गोरखपुर और संतकबीरनगर की वन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के मोहद्दीनपुर में छापा मारकर एक आरा मशीन से सात बोटा शीशम की सरकारी लकड़ी बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। टीम ने आरा मशीन को सील कर दिया है।
बता दें कि रविवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज रेंज के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी राहुल सिंह, वन दरोगा दीपक गुप्ता, आकाश कन्नौजिया, वन रक्षक चंद्रदेव व गोरखपुर उप क्षेत्रीय मंडल अधिकारी सचल दस्ता राज कुमार को सूचना मिली कि पीपीगंज के एक पिकअप वाहन से शीशम की लड़की लोड कर खलीलाबाद ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने जिले के वन विभाग से संपर्क किया और वन दरोगा विनोद यादव, वन दरोगा आशीष त्रिपाठी, प्रदीप कुमार साहू, शशि भूषण शर्मा, वन रक्षक सूरज कुमार अग्रहरि, कुमारी नेहा देवेंद्र सिंह के साथ खलीलाबाद शहर के मोहद्दीनपुर स्थित प्रधान आरा मशीन पर छापा मारा।
यहां पर वन विभाग का सात बोटा शीशम की लकड़ी बरामद हुई। इसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
डीएफओ हरिकेश नारायण ने बताया कि गोरखपुर और जिले की टीम ने छापा मारा है। लकड़ी को जब्त करते हुए आरा मशीन को सील कर दिया गया है।