संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। नगर पंचायत हरिहरपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने एक प्राइवेट मार्ट से सामान खरीदने के लिए यूपीआई पेमेंट के जरिये 16,568 रुपये कंपनी के खाते में भेज दिए। उसके खाते से पैसा भी डेबिट हो गया, लेकिन कंपनी ने पैसा मिलने से इन्कार कर दिया। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी दुकान नगर पंचायत हरिहरपुर में है। वह अक्सर आनलाइन सामान की खरीदारी कर उसे अपने ग्राहकों को बेचते हैं। बृहस्पतिवार को एक प्राइवेट मार्ट के खाते में 16 हजार 568 रुपये खरीदारी के लिए आनलाइन भेज दिए। पहले तो ट्रांजेक्शन फेल दिखाया, लेकिन थोड़ी देर बाद उनके खाते से पैसा कट गया। पीड़ित ने कंपनी से पैसा मिलने की जानकारी चाही तो कंपनी के जिम्मेदारों ने रकम प्राप्त न होने की बात कही। पूरी डिटेल भेजने के बावजूद भी कंपनी के जिम्मेदार पैसा न मिलने की बात करते रहे। थक हारकर पीड़ित ने साइबर सेल में गुहार लगाई है।