सरैया के पास हाईवे पर नहीं लगा लाइट।
संतकबीरनगर। हाईवे से लेकर विभिन्न मार्गो पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चले, इसके लिए अवैध कट बंद करने, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने, रेडियम पट्टी लगाने सहित तमाम निर्देश बैठकों में दिए जा रहे हैं।
इसके बावजूद न तो अवैध कट बंद हुए और न ही अन्य व्यवस्था की जा सकी है। मंगलवार को मगहर में आए आईजी बस्ती जाने दिनेश कुमार पी ने इस पर सख्त रुख अख्तियार किया है और यातायात व्यवस्था बेहतर करने के साथ ही कट बंद कराने और अन्य व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए हैं। जिले में कांटे से मगहर तक करीब 25 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग पड़ता है।
इस मार्ग पर एनएचआई ने दोनों तरफ टिनशेड लगाया था, ताकि लोग और पशु सीधे हाईवे पर न आ रहे, लेकिन लोगों ने अपनी सुविधा के लिए जगह-जगह अवैध कट बना लिए हैं। स्थिति यह है कि बूधा, कांटे, भुजैनी, सरैया नवीन मंडी के पास, नेदुला, डीघा, मझरियां के पास, मगहर सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध कट बने हुए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इन अवैध कट को बंद करने के लिए प्रशासन लगातार बैठकों में निर्देश दे रहा है, लेकिन अब तक अवैध कट बंद नहीं किए गए। ऐसे में कोहरे के चलते दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है।
इसके साथ ही अब तक हाईवे सहित विभिन्न मार्गों पर रेडियम पट्टी भी नहीं लगाई गई, जबकि पुरानी पट्टी अधिकतर स्थानों पर दिखाई नहीं दे रही है।
ं