संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में भर्ती मरीजों के महिला तीमारदारों पर गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के द्वारा छींटाकशी करने का मामला प्रकाश में आया है । इस मामले की शिकायत पीडितों ने सीएमओ व डीएम से की है ।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले की जांच करने के साथ संबंधित कर्मियों को नोटिस भेजी है।
मरीजों की सुरक्षा व उनकी सुविधा के लिए एमसीएच विंग में कर्मचारियों की तैनाती एजेंसी के जरिए की गई है। इसके तहत स्टाफनर्स, वार्ड ब्वाय, चिकित्सक, रेडियोजालिस्ट, पैथोलाजिस्ट, सुरक्षा कर्मी समेत अन्य कर्मियों की तैनाती की गई है। इस सभी की तैनाती लखनऊ की संस्था अवनी परिधि के द्वारा हुई है। बुधवार को सीएमओ कार्यालय में लक्ष्मण सिंह, राकेश, शिवेंद्र समेत अन्य मरीज के तीमारदार पहुंचे।
उन लोगों ने बताया कि अस्पताल के गेट पर तैनात गार्ड रात में शराब के नशे में धुत होकर महिलाओं पर छींटाकसी करते हैं। इसका पर विरोध कुछ लोग करते हे तो ये सब गोलबंद होकर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। इतना ही नहीं गेट पर पहचान पत्र देने के बाद भी लोगों को मरीजों से मिलने नहीं दिया जाता है।
इस मामले की जानकारी होने पर सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने संबंधित गार्ड को नोटिस भेजी है। मामले में उन्होंने सीएमएस से वार्ता करके आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।