संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। देवोत्थान एकादशी के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत होते ही फर्नीचर बाजार में रौनक लौट आई है। सहालग को देखते हुए ग्राहकों ने शादी-विवाह से जुड़ी खरीदारी तेज कर दी है।
जिले की सभी बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल शुरू हो गई है। बाजार में 35 हजार रुपये से लेकर सवा लाख रुपये तक के विवाह के पूरे सेट हैं। वहीं लोग ऑर्डर भी दे रहे हैं। फर्नीचर कारोबारियों ने बताया कि विवाह में उपहार देने के लिए लोग बेड, सोफा, अालमारी और डाइनिंग टेबल जैसे सामान की डिजाइन देख खरीदारी कर रहे हैं।
फर्नीचर की दुकानों पर डिजाइनर बेड, कॉर्नर सोफा और एल-शेप सोफा की मांग सबसे अधिक है। ग्राहक अपनी पसंद के फर्नीचर की बुकिंग पहले से करा रहे हैं ताकि भीड़ के समय परेशानी न हो। दुकानदारों की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर और छूट भी दी जा रही है।
सहालग के सीजन में ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार बेड, सोफ, कुर्सी-मेज और अलमारी की खरीदारी कर रहे हैं। अच्छी डिजाइन और गुणवत्ता के सामान के फर्नीचर की बिक्री हो रही है। लोग अपने बजट के अनुसार फर्नीचर पसंद करते हैं। हर रेंज का फर्नीचर शोरूम पर उपलब्ध है। ग्राहकों के चेहरों पर भी शादी की तैयारियों की चमक साफ झलक रही है।