धर्मसिंहवा। सांथा ब्लॉक क्षेत्र के अतरी नानकार गांव के ग्राम प्रधान ने ग्राम सचिव पर अमृत सरोवर का सुंदरीकरण न कराने का आरोप लगाते हुए सीएम, कमिश्नर सहित तमाम उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। पत्र में कहा है कि गांव में लगे चौपाल के दौरान डीएम ने पोखरी का अमृत सरोवर योजना के तहत सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके सचिव उदासीन बने हुए हैं। सांथा ब्लॉक क्षेत्र के अतरी नानकार ग्राम पंचायत के प्रधान नरेंद्र पांडेय ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी को रजिस्टर्ड डाक द्वारा भेजे पत्र में सचिव पर आरोप लगाया है कि वे सचिव के क्रियाकलाप से आहत हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गांव में लगे चौपाल में जिलाधिकारी ने पोखरा गाटा संख्या 452 व 453 को अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत सुंदरीकरण कराने के लिए निर्देशित किया था।
आरोप है कि सचिव राकेश कुमार की निष्क्रियता के कारण कार्य नहीं हुआ। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक के पारिवारिक सदस्य पोखरे के भीटे पर अवैध कब्जा किए हुए हैं और रोजगार सेवक व सचिव की मिली भगत से काम नहीं हो सका।
ग्राम प्रधान ने पत्र में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रोजगार सेवक व सचिव के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो वह ब्लॉक मुख्यालय पर तीन नवंबर को आमरण-अनशन पर बैठेंगे। संवाद