फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक पढ़ाएंगे साइबर सुरक्षा का पाठ

Thu, 25 Dec 2025 01:51 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संतकबीरनगर। अब जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करना सिखाना है। इसके लिए विद्यालयों में विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
विज्ञापन

जनपद में कुल 280 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें 20 राजकीय, 34 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 226 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। इनमें चरणबद्ध तरीके से साइबर सुरक्षा से संबंधित विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विद्यालय स्तर पर ऑनलाइन बैठकों का आयोजन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कुछ वर्षों में स्मार्टफोन, सोशल मीडिया प्लेटफार्म और ऑनलाइन गेमिंग का चलन तेजी से बढ़ा है। छात्र-छात्राएं कम उम्र में ही डिजिटल दुनिया से जुड़ रहे हैं। इसके साथ ही साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, डाटा चोरी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसी घटनाओं में भी लगातार इजाफा हो रहा है। कई मामलों में नासमझी के कारण बच्चे साइबर अपराधियों के जाल में फंस जाते हैं, जिससे उन्हें मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
विज्ञापन

इसी खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कक्षाओं में छात्रों को मजबूत पासवर्ड बनाने, ओटीपी व व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने, संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से बचने, सोशल मीडिया पर गोपनीयता समझने तथा ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में सही शिकायत प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों को भी इस अभियान के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्हें साइबर सुरक्षा से जुड़े मूलभूत नियम, वर्तमान में प्रचलित ऑनलाइन ठगी के तरीके और बच्चों को समझाने की सरल तकनीक बताई जाएंगी।
0

प्रार्थना सभा में दिए जाएंगे टिप्स

डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा, विशेष कक्षा और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक टिप्स दिए जाएंगे। साइबर जागरूकता को रोचक बनाने के लिए स्लोगन लेखन, निबंध लेखन तथा पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। इसके अलावा प्रधानाचार्यों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी स्कूल के नोटिस बोर्ड और स्टाफ रूम में चस्पा की जाएगी।
0

विद्यालयों में अभिभावकों की बैठक आयोजित करके उन्हें साइबर फ्रॉड, फेक लिंक, ओटीपी और सोशल मीडिया सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विद्यालयों को साइबर सुरक्षा से संबंधित पीडीएफ फाइल भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे घर पर भी इसे पढ़कर सावधानी बरत सकें। - हरिशचंद नाथ, जिला विद्यालय निरीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें