लोह रैया में पेड़ के नीचे बैठी मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को एसडीएम ने दिया कंबल।
- फोटो : KHALILABAD
युवती को कंबल देकर चलते बने एसडीएम
- महीनों से भटक रही है मानसिक रुप से कमजोर युवती
इंद्रेश यादव
धनघटा। बेटियों की सुरक्षा पर सरकारी अधिकारी कितना ध्यान दे रहे हैं उसका प्रमाण शनिवार को लोहरैया में देखने को मिला। करीब छह माह से इधर-उधर भटक रही मानसिक रुप से कमजोर लगभग 22 वर्षीय युवती को एसडीएम सिर्फ कंबल देकर वहां से चलते बने।
वहीं गांव के लोगों का कहना है कि करीब पांच-छह माह से एक युवती लोहरैया से लेकर खाजो गांव तक घूमती रहती है। वह मानसिक रुप से कमजोर है। देखने पर लगता है कि युवती किसी दूसरे प्रदेश की रहने वाली है। शनिवार को युवती जब एक पेड़ के नीचे बैठकर ठंड से कांप रही थी तो कुछ लोगों ने इसकी सूचना एसडीएम को दी। सूचना पर पहुंचे एसडीएम प्रमोद कुमार उसे एक कंबल दिया और फिर वहां से निकल गए। लोगों का कहना है कि जब महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है तो ऐसे में यह युवती आखिर कहां जाए और कैसे सुरक्षित रह सके। इसकी परवाह प्रशासन के अधिकारियों को नहीं है। गांव वालों का कहना है कि युवती को नारी निकेतन गृह में भेजवा दिया जाए तो वह सुरक्षित भी रहेगी। इसके साथ ही प्रयास करने पर उसे अपने परिवार के लोग भी मिल सकते है। इस संबंध में एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि काफी दिनों से महिला वहां रहकर लोगों में घुल मिल गई है। युवती को नारी निकेतन गृह में भेजवाया जाएगा। प्रयास होगा कि युवती के परिवार वालों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सकें।