सेमरियावां। गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को सभी परिषदीय विद्यालय स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप में नजर आएंगे। शासन के निर्देश पर बीएसए ने सभी बीईओ को विद्यालयों में विशेष स्वच्छता एवं साज-सज्जा अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। रंगाई-पुताई, स्वच्छता, पेयजल की व्यवस्था के साथ ही शौचालयों की क्रियाशील किया जाएगा। विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और अपशिष्ट निस्तारण अनिवार्य है।
ऑपरेशन कायाकल्प के 19 मानकों पर शत-प्रतिशत संतृप्तीकरण सुनिश्चित कर जियो-टैग फोटो प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालयों को एक आदर्श शैक्षिक और सामाजिक स्थल के रूप में प्रस्तुत करना है।
जनपद में 803 प्राथमिक,192 उच्च प्राथमिक और 251 कंपोजिट विद्यालय को मिलाकर कुल 1246 विद्यालय संचालित हैं। स्कूलों के मुख्य द्वार, बरामदे, कक्षाएं, शौचालय, पेयजल स्थल और खेल मैदान तक को सुव्यवस्थित और साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय बनाने के लिए विद्यालयों में ध्वजारोहण स्थल को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
बच्चों के बैठने की व्यवस्था, मंच, माइक सिस्टम और साफ फर्श की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, बिजली, बैठने की उचित व्यवस्था और शिक्षण कक्षों में आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहे। कहीं भी टूटी कुर्सियां, गंदे फर्श या जर्जर कक्ष नजर न आएं, इसके लिए बीईओ स्तर पर नियमित निरीक्षण कराया जाएगा। चेतावनी भी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने या जियो टैग फोटो न उपलब्ध कराने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
0
सभी ब्लॉकों में स्वच्छता एवं साज-सज्जा की निगरानी के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार की गई है। बीईओ को अपने क्षेत्र के स्कूलों में कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। 26 जनवरी से पहले हर स्कूल चकाचक दिखना चाहिए। -अमित कुमार सिंह, बीएसए