आईजी मोहित अग्रवाल ने बुधवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
आईजी मोहित अग्रवाल ने बुधवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। यहां शौचालय गंदा देखकर नाराजगी जाहिर की और व्यवस्थाओं में सुधार लाने की हिदायत दी। साथ ही 15 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्था जांचने की बात कही। जनपद स्तर से गठित एंटी माफिया सेल माफियाओं पर कार्रवाई करेगी।
आईजी ने कहा कि अफसरों को डराकर ठेका लेने वाले ठेकेदारों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों पर एनएसए के तहत कार्रवाई होगी। अनाज की कालाबाजारी रोकने के लिए चिह्नित कर कोटेदारों की निगरानी की जाएगी। भूमाफिया, खनन माफिया भी पुलिस के निशाने पर हैं। गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वाले ऐसे माफियाओं को ढूंढ कर पुलिस शिकंजा कसेगी।
थाना स्तर पर बनाई गई एंटी रोमियो टीम स्कूल, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आसपास निगरानी करते हुए शोहदों को पकड़ेगी। अवैध बूचड़खाने नहीं चलेंगी और गोकशी की घटनाओं को रोका जाएगा। दो-तीन बार गोकसी के मामले में पकड़ेे जाने पर हिस्ट्रीशीट खुलेगी और आरोपी के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। थाने पर साफ-सफाई रखी जाएगी, सफाई व्यवस्था में पुलिसकर्मी भी सहयोग देंगे। थाने पर आने वाले आगंतुकों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था के साथ ही बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। थाने में कोई भी पान, गुटखे का सेवन करने नहीं जाएगा।
नवरात्र के मद्देनजर धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए जाएं। आतंकी घटनाओं और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह जरूरी है कि किराएदार के सत्यापन के बिना मकान न दें। सभी एसओ से सर्टिफिकेट लिया जा रहा है कि उनके क्षेत्र में अवैध बूचड़खाना अथवा गोकसी का धंधा नहीं होता है। यदि उसके बाद अवैध धंधा मिला तो एसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसी शिकायतें मिलने पर जिले स्तर पर गठित टीम को जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी हीरालाल उपस्थित रहे।