संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे मनियरा में रिजार्ट संचालक पिता-पुत्र पर पुलिस ने एससी-एसटी समेत अन्य धारा में केस दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के बकहा गांव निवासी मोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पूर्व में सत्या रिजार्ट मनियरा दलेलगंज में काम करता था। वहां से काम छोड़कर दूसरी जगह चला गया। रिजार्ट के वर्करों से उनकी बातचीत होती थी। आरोप है कि इसकी वजह से रिजार्ट संचालक रामकृष्ण उर्फ मंटू चौधरी निवासी दलेलगंज फोन पर गाली देते हुए मारपीट की धमकी देने लगे।
वह 13 नवंबर को दिन में करीब 12 बजे रिजार्ट पर बातचीत करने गए थे। जहां पर रामकृष्ण उर्फ मंटू एवं सत्यनारायण चौधरी उनको जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की और जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। संवाद